मधुपुर में अल्ट्रासाउंड को लेकर उठे मुद्दे से मचा हड़कंप, गुपचुप हाई लेवल मीटिंग का दौर शुरू
Madhupur News: मधुपुर में अल्ट्रासाउंड सेंटरों को लेकर हाल के दिनों में उठे गंभीर सवालों के बाद संबंधित लोगों में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक, मामले के तूल पकड़ने और जांच की आशंका के बीच कुछ प्रभावशाली लोग और सेंटर संचालक हाई लेवल मीटिंग कर स्थिति को संभालने की कोशिश में जुट गए हैं।
बताया जा रहा है कि यह बैठकें बंद कमरों में हो रही हैं, जहां कानूनी पेच, संभावित कार्रवाई और मीडिया में आ रही खबरों पर मंथन किया जा रहा है। खास तौर पर रेडियोलॉजिस्ट की उपलब्धता, PCPNDT एक्ट के अनुपालन, रिकॉर्ड में गड़बड़ी और तकनीशियन के सहारे संचालन जैसे बिंदुओं पर चिंता जताई जा रही है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यदि प्रशासन या स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाई, तो कई वर्षों से चल रहे कथित नेटवर्क पर कार्रवाई हो सकती है। इसी डर से कुछ लोग ऊपर तक संपर्क साधने और मामला “मैनेज” करने की रणनीति बना रहे हैं।
वहीं, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों का कहना है कि यदि सब कुछ नियमों के अनुसार है, तो फिर गुपचुप बैठकों की जरूरत क्यों पड़ रही है। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करे, ताकि आम जनता का स्वास्थ्य और कानून दोनों सुरक्षित रह सकें।
अब सबकी नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है कि यह मामला मैनेज या फिर जांच और कार्रवाई की दिशा में ठोस पहल होगी।

