भाजपा की 11 सदस्यीय टीम ने लालगढ़ में पीड़ितों से की मुलाकात, दलितों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया
मधुपुर (देवघर): मधुपुर के लालगढ़ क्षेत्र में हुई घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सक्रिय रुख अपनाया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर गठित 11 सदस्यीय जांच टीम ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की।
इस 11 सदस्यीय टीम में पूर्व विधायक नारायण दास, रणधीर सिंह, पूर्व मंत्री नीरा यादव, जिला अध्यक्ष सचिन रवानी, स्थानीय नेता गंगा नारायण, संजय यादव, पप्पू यादव सहित अन्य वरिष्ठ एवं स्थानीय नेता शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाया कि पार्टी दलितों और अन्य संवेदनशील वर्गों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगी।
भाजपा नेताओं ने इस दौरान पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में पर्याप्त व स्थायी सुरक्षा व्यवस्था स्थापित करने की भी मांग की, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो और स्थानीय लोगों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।
टीम ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कराने के लिए भाजपा लगातार प्रशासन पर नजर बनाए रखेगी और आवश्यकतानुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी।

