देवीपुर हेल्थ मेला बना दिखावा, 36 की जगह आधे से भी कम स्टाल — बिना सीरियल नंबर के चला आयोजन
Devipur Deoghar: देवीपुर प्रखंड में आयोजित सरकारी स्वास्थ्य मेला व्यवस्था नहीं बल्कि लापरवाही और कागजी खानापूर्ति का उदाहरण बनकर रह गया। सरकारी निर्देशों के अनुसार जहां 36 स्वास्थ्य स्टाल अनिवार्य रूप से लगाए जाने थे, वहां मौके पर आधे से भी कम स्टाल नजर आए, जिससे पूरे आयोजन की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि लगाए गए स्टालों पर न तो सीरियल नंबर अंकित थे और न ही विभाग/सेवा का स्पष्ट विवरण, जबकि स्वास्थ्य मेला गाइडलाइन में प्रत्येक स्टाल को क्रमांकित करना और उसका विवरण प्रदर्शित करना अनिवार्य है। ऐसे में यह आशंका गहराती है कि कागजों में पूरे 36 स्टाल दिखाकर भुगतान तो नहीं उठा लिया गया?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्टालों की कमी के कारण मरीजों को आवश्यक जांच, परामर्श और दवाइयों के लिए भटकना पड़ा। कई लाभार्थी बिना सेवा लिए ही लौट गए, जिससे स्वास्थ्य मेला आम जनता के लिए लाभकारी कार्यक्रम न रहकर औपचारिकता मात्र साबित हुआ।
- यह भी बड़ा सवाल है कि जब यह मेला पहले से निर्धारित था, तो निगरानी के लिए तैनात अधिकारी मौके पर क्यों नहीं दिखे?
- क्या आयोजन से पहले या बाद में भौतिक सत्यापन किया गया?
- यदि जांच हुई, तो फिर 36 स्टाल के जगह वास्तविक संख्या कितनी थी?
- बिना सीरियल नंबर स्टाल कैसे मान्य कर दिए गए?
इन सवालों के जवाब न मिलना यह संकेत देता है कि स्वास्थ्य विभाग के भीतर लापरवाही ही नहीं, बल्कि संभावित वित्तीय अनियमितता भी छिपी हो सकती है।
अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में स्वतंत्र जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करता है या यह मामला भी अन्य फाइलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

