₹205 करोड़ की लागत से झारखंड में बनेंगे 245 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट
Jharkhand: झारखंड की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़, आधुनिक और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल की है। राज्य में ₹205 करोड़ की लागत से 245 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (BPHU) की स्थापना की जाएगी, जिससे झारखंड का स्वास्थ्य मॉडल देश के अग्रणी सार्वजनिक स्वास्थ्य मॉडल के रूप में उभरेगा।
यह योजना प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन (PM-ABHIM) एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत लागू की जा रही है।
क्या है BPHU?
ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट को ब्लॉक स्तर पर एक विकेन्द्रीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं सेवा वितरण मंच के रूप में विकसित किया गया है, जो क्लिनिकल सेवाओं और सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यों के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करेगा।
BPHU की प्रमुख भूमिका होगी—
- रोग निगरानी (Surveillance)
- योजना निर्माण
- आपातकालीन तैयारी
- त्वरित एवं समन्वित स्वास्थ्य प्रतिक्रिया
प्रत्येक BPHU में होंगे:
- एक सेवा प्रदाय संस्थान (CHC/SDH/ब्लॉक PHC)
- ब्लॉक पब्लिक हेल्थ लैब (BPHL)
- हेल्थ मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) सेल
- आदिवासी और दूरदराज इलाकों को विशेष लाभ
इस योजना का विशेष फोकस आदिवासी, दुर्गम एवं वंचित क्षेत्रों पर होगा, जिससे गांव-गांव तक मजबूत स्वास्थ्य सुरक्षा कवच तैयार होगा और समय पर जांच व इलाज संभव हो सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का बयान:
“ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट की स्थापना झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। हमारा लक्ष्य है कि हर ब्लॉक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं, सटीक डाटा और त्वरित स्वास्थ्य प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो, ताकि किसी भी बीमारी या महामारी पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके। आदिवासी और वंचित वर्गों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।”
तकनीक से जुड़ेगा स्वास्थ्य तंत्र
ईएसआईसी जैसे प्लेटफॉर्म से समन्वय स्थापित कर राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को तकनीकी एवं गैर-तकनीकी दोनों स्तरों पर मजबूत किया जा रहा है। आने वाले दिनों में
- ब्लॉक अस्पताल
- रेफरल अस्पताल
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
- सदर अस्पताल में बड़े पैमाने पर सुधार किए जाएंगे
झारखंड बनेगा देश का अग्रणी सार्वजनिक स्वास्थ्य मॉडल
245 BPHU की स्थापना से झारखंड को एक लचीली, मजबूत और जन-केंद्रित सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की ठोस नींव मिलेगी। यह पहल न सिर्फ एक योजना है, बल्कि झारखंड के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है।
लागत और फंड
इस परियोजना पर लगभग ₹203–205 करोड़ की लागत खर्च होगी, जो कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन और 15वें वित्त आयोग के सहयोग से लाई जा रही है।

