गुब्बारे बेचने की आड़ में बच्चों की तस्करी, रांची में बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़

12 मासूम बच्चे सकुशल बरामद, 13 गिरफ्तार; दर्जनों संदिग्ध हिरासत में

Jan 18, 2026 - 21:47
Jan 18, 2026 - 21:46
 0
गुब्बारे बेचने की आड़ में बच्चों की तस्करी, रांची में बच्चा चोर गिरोह का भंडाफोड़

रांची: राजधानी रांची में पुलिस ने बच्चों की तस्करी से जुड़े एक संगठित और अमानवीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। गुब्बारे बेचने की आड़ में बच्चों की चोरी और तस्करी करने वाले इस कुख्यात गिरोह के चंगुल से पुलिस ने 12 मासूम बच्चों को सकुशल बरामद किया है। इस मामले में गिरोह के 13 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि करीब दो दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है।

इस सनसनीखेज कार्रवाई की जानकारी रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को पिछले कुछ दिनों से बच्चों के लापता होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद विशेष टीम का गठन कर तकनीकी व मानवीय इनपुट के आधार पर जांच शुरू की गई।

एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी भीड़-भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और मेलों में गुब्बारे बेचने के बहाने बच्चों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाते थे, बाद में उन्हें दूसरे राज्यों में तस्करी करने की योजना थी। समय रहते पुलिस की कार्रवाई से एक बड़े अपराध को रोका जा सका।

बरामद सभी बच्चों को बाल संरक्षण इकाई के सुपुर्द कर दिया गया है और उनके परिजनों की पहचान की जा रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बच्चों की तस्करी, अपहरण और संगठित अपराध से जुड़ी विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस ने आशंका जताई है कि इस गिरोह का नेटवर्क राज्य से बाहर तक फैला हो सकता है, जिसे लेकर जांच तेज कर दी गई है। एसएसपी ने आम लोगों से अपील की है कि वे बच्चों को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना दें।