मधुपुर में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के समर्थन में उतरे बैंक कर्मी
Madhupur: मधुपुर शहर के विभिन्न बैंकों में कार्यरत कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के समर्थन में एकजुट होकर अपना समर्थन जताया। बैंक कर्मियों ने कहा कि वर्तमान कार्य प्रणाली में लगातार बढ़ते कार्यभार के कारण कर्मचारियों पर मानसिक और शारीरिक दबाव बढ़ रहा है, जिसे देखते हुए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह बेहद जरूरी हो गया है।
बैंक कर्मियों का मानना है कि सप्ताह में दो दिन अवकाश मिलने से न सिर्फ कर्मचारियों के स्वास्थ्य में सुधार होगा, बल्कि बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता और कार्यक्षमता में भी वृद्धि होगी।
मधुपुर के बैंक कर्मचारियों ने यह भी कहा कि देश के कई सरकारी और निजी संस्थानों में पहले से ही पांच दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है, ऐसे में बैंकिंग क्षेत्र में भी इसे शीघ्र लागू किया जाना चाहिए।
इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार और बैंक प्रबंधन से मांग की कि उनकी इस जायज मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए जल्द निर्णय लिया जाए।
मधुपुर में बैंक कर्मियों के इस समर्थन से बैंकिंग व्यवस्था को लेकर नई बहस छिड़ गई है और आने वाले दिनों में आंदोलन तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

