आठ वर्षीय आदिवासी बच्चा गंभीर बीमारी से जूझ रहा, सरकार से इलाज की गुहार

Dec 28, 2025 - 18:48
Dec 28, 2025 - 18:48
 0
आठ वर्षीय आदिवासी बच्चा गंभीर बीमारी से जूझ रहा, सरकार से इलाज की गुहार

मधुपुर (देवघर) प्रखंड मधुपुर के ग्राम सोनाजोरी, पंचायत जाभागुड़ी निवासी आठ वर्षीय आदिवासी बच्चा आशीष मुर्मू गंभीर स्वास्थ्य संकट से जूझ रहा है। आशीष के पिता गोणेश्वर मुर्मू एवं माता चुड़की मरांडी अत्यंत गरीब एवं असहाय आदिवासी परिवार से हैं, जिनके पास बच्चे के इलाज के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।

परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पूर्व आशीष अचानक गिर पड़ा था। इसके बाद से उसके दोनों पैर काम करना बंद कर चुके हैं। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों द्वारा पैरालिसिस अटैक की आशंका जताई गई है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार किसी बड़े अस्पताल में इलाज कराने में असमर्थ है।

बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सरकार से तत्काल मदद की मांग की है। उन्होंने झारखंड के माननीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी तथा जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन से आग्रह किया है कि मानवीय आधार पर हस्तक्षेप कर आशीष मुर्मू को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि समय पर समुचित इलाज मिलने से बच्चे की जान और भविष्य दोनों बचाए जा सकते हैं। अब यह देखना अहम होगा कि सरकार इस असहाय आदिवासी परिवार की मदद के लिए कब और क्या कदम उठाती है।