स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के गृह क्षेत्र मधुपुर में स्वास्थ्य मेला बना खानापूर्ति

Jan 7, 2026 - 15:29
Jan 7, 2026 - 16:20
 0
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के गृह क्षेत्र मधुपुर में स्वास्थ्य मेला बना खानापूर्ति

मधुपुर (देवघर): राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के गृह क्षेत्र मधुपुर में आयोजित स्वास्थ्य मेला खुद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान बन गया है। जिस आयोजन को आदर्श मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाना था, वही मेला अनियमितताओं और अव्यवस्था का शिकार नजर आया।

वास्तविक में 13 स्टाल लगे गिनती में 15 दिखाया गया

मौके पर किए गए भौतिक सत्यापन में पाया गया कि जमीन पर केवल 13 स्टॉल ही वास्तव में मौजूद थे, जबकि स्टॉल की गिनती/नंबरिंग 15 तक दर्शाई गई। इसका सीधा मतलब है कि दो स्टॉल तो दिखाए गए, लेकिन मौके पर वे मौजूद ही नहीं थे।

सीरियल नंबर बेतरतीब तरीके से लगाए गए

इतना ही नहीं, जो 13 स्टॉल लगाए गए थे, उनकी सीरियल नंबरिंग भी क्रमवार नहीं थी। नंबर बेतरतीब ढंग से इधर-उधर लिखे गए थे, जिससे आम लोगों को भ्रम हुआ और वास्तविक स्थिति छिपाने की आशंका और गहरी हो गई।

  • स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य मेला सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गया,
  • कई आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध ही नहीं थीं,
  • गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल सका।

विशेषज्ञों के अनुसार, 36 स्टॉल लगाया जाना था, लेकिन सिर्फ 13 का लगना और 15 की गिनती दिखाना सीधे तौर पर प्रशासनिक जवाबदेही और संभावित वित्तीय गड़बड़ी की ओर इशारा करता है, विशेषकर जब मामला स्वास्थ्य मंत्री के गृह क्षेत्र से जुड़ा हो।

अब सवाल यह है कि—

  • शेष 23 स्टॉल आखिर क्यों नहीं लगाए गए?
  • दो “गायब” स्टॉल की जिम्मेदारी किसकी है?
  • क्या इस पूरे आयोजन की स्वतंत्र जांच होगी?

जनता और सामाजिक संगठनों की नजर अब स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।