मधुपुर लालगढ़ विवाद पर प्रशासन सक्रिय, उपायुक्त-पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में शांति वार्ता में शहर के सभी प्रबुद्धजन हुए शामिल

Jan 17, 2026 - 14:54
Jan 17, 2026 - 15:01
 0
मधुपुर लालगढ़ विवाद पर प्रशासन सक्रिय, उपायुक्त-पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में शांति वार्ता में शहर के सभी प्रबुद्धजन हुए शामिल

Madhupur Jharkhand: मधुपुर के लालगढ़ में मंदिर जीर्णोद्धार से जुड़े विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इस दौरान पथराव एवं मारपीट की घटनाएं सामने आई थीं। घटना के संबंध में विगत दिनों कई लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है।

मधुपुर थाना परिसर में आज शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में देवघर के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, शांति समिति के सदस्य, शहर के सभी प्रबुद्धजन एवं दोनों पक्षों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। भारी संख्या में लोगों ने बैठक में भाग लिया।

बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने शांति समिति, उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के समक्ष अपनी-अपनी बातें रखीं। बैठक का मुख्य उद्देश्य आपसी संवाद के माध्यम से गलतफहमियों को दूर करना तथा क्षेत्र में शांति और सौहार्द बनाए रखना रहा। चर्चा के बाद आपसी सहमति से विवाद को समाप्त करने पर सहमति बनी।

सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : पुलिस अधीक्षक

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले को बेवजह तूल दिया गया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आपसी सद्भावना और सामाजिक सौहार्द को खराब करने वाले तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

आपसी भाईचारे से ही कायम रहेगी शांति, संवाद और सहयोग जरूरी : उपायुक्त

वहीं उपायुक्त ने सभी से आपसी भाईचारे को मजबूत करने और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और समाज में विश्वास का माहौल कायम रखना है, जिसमें आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखें, अफवाहों और सोशल मीडिया पर संयम बरतें : पुलिस प्रशासन

पुलिस प्रशासन ने बैठक में मौजूद सभी लोगों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील की। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में प्रशासन से सीधे संवाद करने पर जोर दिया गया।

संवाद से दूर होंगी गलतफहमियां, मधुपुर में शांति बनाए रखने का संकल्प

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शांति बनाए रखने, सहयोग और संवाद के माध्यम से स्थिति को सामान्य रखने का संकल्प लिया। उम्मीद जताई गई कि आपसी समझ और सहयोग से हालात पूरी तरह सामान्य होंगे और मधुपुर में शांति कायम।