मधुपुर में छठ पूजा की धूम, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Oct 27, 2025 - 20:45
Oct 27, 2025 - 22:16
 0
मधुपुर में छठ पूजा की धूम, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

मधुपुर: आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर मधुपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में भव्य तैयारियां की गई हैं। 25 अक्टूबर 2025 को नहाय-खाय के साथ पर्व की शुरुआत हुई, वहीं सोमवार अस्ताचलगामी अर्घ्य सम्पन्न होने के बाद मंगलवार को व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देगी।

सुबह से ही स्थानीय तालाबों, नदियों और घाटों पर साफ-सफाई का कार्य जोरों पर रहा। नगर परिषद की ओर से घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बांस की बेरिकेडिंग, और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस बल की तैनाती की है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

स्थानीय नागरिकों और युवाओं की ओर से घाटों की सजावट व स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। बाजारों में पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर रौनक है। छठ घाटों पर दीपों की रोशनी और भजन की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय है।

मधुपुर के प्रमुख घाट जैसे झील तालाब, पंपु  तालाब, मीनाबाजार, मछुआताड़ घाट और पतरो नदी तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिला। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और किसी भी आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

यह पर्व सूर्य देव और छठी मइया के प्रति श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है, जिसे हर साल लाखों श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से मनाते हैं।