मधुपुर में भी भूमि घोटाला, भू-माफियाओं में हड़कंप
मधुपुर : शहर में इन दिनों भूमि घोटाले का मामला सुर्खियों में है। बताया जा रहा है कि नगर क्षेत्र के कई मूल्यवान भूखंडों की फर्जी रजिस्ट्री और कागजात के ज़रिए करोड़ों की जमीन हड़प ली गई है।
सूत्रों के अनुसार, इस घोटाले में कुछ प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत सामने आई है। जांच में खुलासा हुआ है कि कई सरकारी जमीनों, ट्रस्ट की ज़मीनों और आम नागरिकों की संपत्तियों को गलत दस्तावेज़ों के सहारे निजी नाम पर स्थानांतरित किया गया है।
मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। भूमि विभाग और राजस्व कर्मियों से रिपोर्ट मांगी गई है। जिसमें कई अधिकारी और अंचल कार्यालय के कई कर्मचारी भी जांच के दायरे में हैं।
स्थानीय लोगों ने इस घोटाले पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि “सालों से जमीन विवादों को नज़रअंदाज़ किया जा रहा था, अब जाकर सच्चाई सामने आ रही है।”
जिला प्रशासन ने चेतावनी दी है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी भूमि रजिस्ट्री और म्यूटेशन की पुनः जांच शुरू की जा सकती है ताकि किसी भी फर्जीवाड़े को रोका जा सके।

