झारखंड में ED की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, कोयला कारोबारियों पर शिकंजा!
झारखंड में 40 से ज़्यादा ठिकानों पर ED की दबिश, कोयला माफियाओं को बड़ा झटका; सूटकेसों में नोटों की गड्डियां, करोड़ों के गहने ज़ब्त
रांची/धनबाद : प्रवर्तन निदेशालय(ED)ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) में कथित टेंडर गड़बड़ी और अनियमितता के मामले में आज झारखंड में 40 से अधिक ठिकानों पर एक साथ बड़ी छापेमारी की है।इस कार्रवाई से राज्य के कोयला माफिया नेटवर्क में हड़कंप मच गया है,जिसे ED की अब तक की सबसे बड़ी चोट माना जा रहा है।
धनबाद से लेकर रांची तक कार्रवाई:
जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय जांच एजेंसी आज सुबह 6 बजे से ही धनबाद और उसके आसपास के क्षेत्रों में कई बड़े कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही है। ED की टीमों ने धनबाद के देव बिला क्षेत्र सहित 16 ठिकानों पर दबिश दी।इसके साथ ही, राजधानी रांची में भी 18 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया है।इस मेगा ऑपरेशन में 100 से ज़्यादा ED अधिकारी और कर्मचारी जुटे हुए हैं।
करोड़ों की संपत्ति ज़ब्त:
छापेमारी के दौरान ED ने बड़ी मात्रा में सूटकेसों में भरी नोटों की गड्डियां और करोड़ों रुपये के गहने जब्त किए हैं।हालांकि गहनों की सटीक कीमत सामने नहीं आई है,लेकिन दावे किए जा रहे हैं कि उनकी कीमत करोड़ों में है।
इन मामलों से जुड़े हैं तार:
सूत्रों के अनुसार,जिन मामलों को लेकर यह कार्रवाई हो रही है, उनमें प्रमुख कोयला कारोबारी अनिल गोयल, संजय उद्योग, एल.बी. सिंह और अमर मंडल से जुड़े केस शामिल हैं।आशंका जताई जा रही है कि यह ऑपरेशन कोयला चोरी,तस्करी और सरकारी राजस्व को सैकड़ों करोड़ रुपये की हानि पहुंचाने के कई बड़े मामलों से संबंधित है।
आगे बड़े खुलासे के संकेत:
ED अधिकारियों के अनुसार, यह संयुक्त कार्रवाई कोयला माफिया नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचाएगी। जांच एजेंसी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है, जिससे कोयला चोरी और अनियमितता के तार कई बड़े नामों तक पहुंच सकते हैं।

