मधुपुर से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली तस्वीर — रेड क्रॉस सोसाइटी के सामने ठंड में ठिठुरता बुजुर्ग

Nov 24, 2025 - 22:06
Nov 24, 2025 - 22:09
 0
मधुपुर से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाली तस्वीर — रेड क्रॉस सोसाइटी के सामने ठंड में ठिठुरता बुजुर्ग

Madhupur News: मधुपुर शहर से एक दिल दहला देने वाली तस्वीर सामने आई है। रेड क्रॉस सोसाइटी के ठीक सामने सड़क किनारे एक बुजुर्ग व्यक्ति बीती रात खुले आसमान के नीचे ठंड में सोता मिला। कड़ाके की सर्दी में बिना किसी गर्म कपड़े, बिछावन या आश्रय के ज़मीन पर लेटा यह बुजुर्ग प्रशासन और समाज दोनों से सवाल पूछता नजर आया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बुजुर्ग कई दिनों से इसी स्थान पर खुले में रात गुज़ारने को मजबूर है। शहर में वरिष्ठ नागरिक क्लब जैसे संगठन मौजूद होने के बावजूद किसी भी संस्था या प्रशासन द्वारा इस व्यक्ति को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध नहीं करा पाया है।

राहगीरों ने बताया कि तीखी ठंडी हवा और तापमान में लगातार गिरावट के बावजूद न तो नगर प्रशासन और न ही सामाजिक संगठनों की तरफ से कोई पहल की गई है। लोगों का कहना है कि ऐसे हालात बताने के लिए काफी हैं कि सर्दी से बचाव को लेकर शहर में चल रहे दावे और व्यवस्थाएं कितनी कमजोर हैं।

मानवीय आधार पर तत्काल मदद की आवश्यकता है। सामाजिक संगठनों, नगरपालिका प्रशासन और जिला प्रशासन से मांग उठ रही है कि ऐसे असहाय लोगों को तुरंत सुरक्षित आश्रय, गर्म कपड़े और भोजन उपलब्ध कराया जाए।

यह घटना सिर्फ एक बुजुर्ग की नहीं, बल्कि व्यवस्था की अनदेखी का एक बड़ा उदाहरण है। यह सवाल उठाती है—

क्या मधुपुर में असहाय और बेघर लोगों के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था है?

और अगर है, तो फिर यह बुजुर्ग सड़कों पर ठंड में क्यों ठिठुर रहा है?