मधुपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर 7 में SC आरक्षण दोहराने पर, राज्य चुनाव आयोग को लिखा गया पत्र
मधुपुर (देवघर) मधुपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या 7 में अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षण को लगातार तीन बार से दोहराए जाने को लेकर स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में कुछ स्थानीय नागरिकों के द्वारा राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड को पत्र लिखकर इस आरक्षण व्यवस्था पर सुधार हेतु एवं पुनर्विचार की मांग की गई है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि नगर निकाय चुनावों में आरक्षण का उद्देश्य सभी वर्गों को समान प्रतिनिधित्व देना है, जिसके लिए रोटेशन प्रणाली अपनाई जाती है। लेकिन वार्ड नंबर 7 में लगातार SC आरक्षण बनाए रखना इस सिद्धांत के विपरीत प्रतीत होता है। इससे अन्य वर्गों के मतदाताओं और संभावित उम्मीदवारों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरक्षण का बार-बार एक ही वार्ड में दोहराव लोकतांत्रिक संतुलन को बिगाड़ता है और जनता के बीच असमानता की भावना को जन्म देता है।

