मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार पहुंचे देवघर, दो दिवसीय प्रवास के दौरान करेंगें बाबा बैद्यनाथ का दर्शन एवं मिलेंगे बीएलओ से

Jan 4, 2026 - 13:49
Jan 4, 2026 - 13:48
 0
मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार पहुंचे देवघर, दो  दिवसीय प्रवास के दौरान करेंगें बाबा बैद्यनाथ का दर्शन एवं मिलेंगे बीएलओ से

देवघर, झारखंड: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार मंगलवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर देवघर पहुंचे। देवघर एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार, डीआईजी संथाल परगना श्री अंबर लकड़ा, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री नमन प्रियेश लकड़ा, पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ, अनुमंडल पदाधिकारी श्री रवि कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का अभिनंदन किया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के आगमन पर एयरपोर्ट परिसर के बाहर पुलिस जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारी का परिचय मिला।

अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान श्री ज्ञानेश कुमार विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। इसके साथ ही वे जिले में निर्वाचन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करेंगे। इस क्रम में वे बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर), निर्वाचन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर मतदाता सूची अद्यतन, नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदान प्रतिशत बढ़ाने, दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं के लिए सुविधाओं तथा पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यह दौरा आगामी चुनावों के मद्देनज़र बेहद अहम माना जा रहा है। उनके मार्गदर्शन से जिले में चुनावी तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। प्रशासनिक स्तर पर भी इस दौरे को लेकर सुरक्षा एवं व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।