मधुपुर में चल रहा “डिज़्नीलैंड मेला”, बच्चों से लेकर परिवारों तक में दिखा उत्साह
Madhupur News: मधुपुर शहर में इन दिनों डिज़्नीलैंड मेला लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शहर के फुटबॉल मैदान में लगे इस मेले में बच्चों, युवाओं और परिवारों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शाम ढलते ही मेला रंग-बिरंगी रोशनी, संगीत और मनोरंजन से गुलजार हो जाता है।
मेले में बच्चों के लिए डिज़्नी थीम पर आधारित झूले, मिकी माउस व अन्य कार्टून कैरेक्टर, ड्रैगन ट्रेन, ब्रेक डांस, जायंट व्हील जैसे आकर्षक झूले लगाए गए हैं। वहीं महिलाओं के लिए श्रृंगार एवं गिफ्ट आइटम्स सहित अन्य कई स्टाल भी मौजूद हैं।
स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों के लिए यह मेला रोज़गार और आमदनी का बड़ा जरिया बन रहा है। मेले के कारण आसपास के क्षेत्रों से भी लोग मधुपुर पहुंच रहे हैं, जिससे शहर की आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई है।
हालांकि, इन दिनों मधुपुर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के वजह से मेले को लेकर सुरक्षा और मानकों पर भी सवाल उठ रहे हैं। अभिभावकों का कहना है कि झूलों की नियमित तकनीकी जांच, फायर सेफ्टी, सीसीटीवी कैमरा, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और भीड़ प्रबंधन पर प्रशासन को विशेष ध्यान देना चाहिए।
प्रशासन की ओर से दावा किया गया है कि मेले के संचालन के लिए आवश्यक अनुमति ली गई है और समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है। बावजूद इसके, स्थानीय लोगों की मांग है कि मानक और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
कुल मिलाकर, मधुपुर का डिज़्नीलैंड मेला मनोरंजन के साथ-साथ शहर में रौनक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है, लेकिन सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सतर्कता बेहद जरूरी है।

