मधुपुर में विवादित जमीन पर कब्जे की कोशिश, पदाधिकारियों ने हाई कोर्ट के आदेश का दिया हवाला
मधुपुर (देवघर): "मार्बल हाउस" कोठी मधुपुर थाना क्षेत्र के मौजा छोटा शेखपुरा, थाना नं-34 स्थित विवादित भूमि को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है। पीड़ित पक्ष द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाए जाने के बीच, प्रशासनिक पदाधिकारियों ने मामले में हाई कोर्ट के आदेश का हवाला दिया है।
पीड़ितों के अनुसार, उक्त भूमि मैकफर्सन पर्चा में दर्ज है और और मूल रैयत उनके पूर्वज रहे हैं। इस जमीन को लेकर अवर न्यायाधीश प्रथम, मधुपुर की अदालत में सिविल वाद संख्या 269/12 अब भी लंबित है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि जब तक न्यायालय से अंतिम निर्णय नहीं आता, तब तक किसी भी पक्ष को यथास्थिति भंग करने का अधिकार नहीं है।
वहीं, इस पूरे मामले पर प्रशासनिक पदाधिकारियों का कहना है कि हाई कोर्ट द्वारा पारित आदेश के आलोक में ही आगे की कार्रवाई की जा रही है। पदाधिकारियों के अनुसार, न्यायालय के निर्देशों का पालन प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी पक्ष को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग भू-माफिया के रूप में सक्रिय होकर भूमि पर कब्जा जमाने का प्रयास कर रहे हैं और विरोध करने पर खुलेआम जान से मारने की धमकी दी जा रही है। शिकायत कर्ता ने कहा इससे हमलोगों में भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि हाई कोर्ट के आदेश की प्रति सार्वजनिक की जाए ताकि भ्रम की स्थिति समाप्त हो और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

